जबलपुर 7 मई (आरएनएस)।जबलपुर पुलिस ने जोधपुर पड़ाव में हुए दस्सीलाल हत्याकांड का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो बटनदार चायना चाकू, बिना नंबर प्लेट की बाइक और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों का मृतक के बेटे छोटू से पुराना विवाद चल रहा था। बदमाश उसी की हत्या करने पहुंचे थे, लेकिन विरोध के दौरान छोटू के पिता 47 वर्षीय दस्सीलाल को चाकू लग गया, जिससे उनकी मौत हो गई। यहां से भागने के बाद आरोपियों ने गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास एक युवक को चाकू मारकर उसका मोबाइल लूट लिया।
घटना 4 एवं 5 मई की दरमियानी रात की है। जोधपुर पड़ाव निवासी दस्सीलाल अपने घर में सो रहे थे। रात 2:30 बजे उनकी पत्नी वॉशरूम के लिए घर के बाहर निकलीं, तभी बाइक से आए 3 बदमाश घर में घुसने का प्रयास करने लगे। महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने धक्का दे दिया। शोर सुनकर दस्सीलाल और उनका बेटा छोटू बाहर आ गए। यहां बाइक सवारों से विवाद हुआ और उन्होंने दस्सीलाल के सीने में चाकू मार दिया। इसके बाद तीनों फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल दस्सीलाल को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि अंधेरा होने के कारण वे आरोपियों की पहचान नहीं कर पाए थे। इलाके में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे, जिससे पुलिस को शुरुआती जांच में काफी परेशानी हुई।
हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी ही थी कि थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा को जानकारी मिली कि उसी रात गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास बाइक सवार तीन युवकों ने एक युवक को चाकू मारकर मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच की तो पता चला कि हत्या के बाद आरोपियों ने मदनमहल इलाके में लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था।
गुरुवार को पुलिस ने हत्या और लूट के मामले में शुभम पाण्डेय (24) निवासी शास्त्रीनगर थाना तिलवारा, शरद बर्मन (21) निवासी भटौली थाना ग्वारीघाट और एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुराने विवाद का बदला लेने के लिए वारदात करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो चायना चाकू, बिना नंबर प्लेट की काले रंग की मोटरसाइकिल और वारदात के दौरान इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गुरुवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

