भोपाल 7 मई (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कांग्रेस के किसान चक्काजाम आंदोलन को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह चक्काजाम किसानों को गुमराह करने के साथ-साथ प्रदेश का माहौल खराब कर रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी अपनी राजनीतिक छवि बनाने के लिए किसानों और आम जनता को परेशान कर रहे हैं। कांग्रेस को किसानों के हित की चिंता करने से पहले अपने शासनकाल की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए, जब किसानों पर गोलियां चलाई गईं और उन्हें 18 प्रतिशत तक ब्याज वसूला गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों के प्रति बेहद संवेदनशील हैं। वे स्वयं गेहूं खरीदी केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। भाजपा सरकार हमेशा किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी किसानों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि प्रदेश में लगातार सिंचाई क्षेत्र बढऩे के कारण इस वर्ष बंपर उत्पादन हुआ है। सरकार किसानों के पसीने की कीमत को समझती है और एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। जहां लगभग 78 लाख टन गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदने की मंजूरी थी, उसे बढ़ाकर लगभग 100 लाख टन तक किया गया। कांग्रेस ने हमेशा नकारात्मक राजनीति को बढ़ावा दिया है, यही कारण है कि जनता लगातार उसे नकार रही है और कांग्रेस को चुनावों में हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस को आंदोलन और भ्रम फैलाने की राजनीति छोड़कर सरकार के साथ मिलकर किसानों के हित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चावड़ा ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों के हित में निरंतर और ठोस कार्य किए हैं, जबकि कांग्रेस के पिछले कार्यकाल में कर्जमाफी के झूठे वादों ने किसानों को डिफॉल्टर बना दिया। भाजपा सरकार ने किसानों के ऋण का लगभग 2800 करोड़ रुपये का भुगतान कर उन्हें राहत दी, गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाया और किसानों को एमएसपी पर बोनस प्रदान किया। कांग्रेस द्वारा किए गए किसान चक्काजाम आंदोलन केवल निजी राजनीतिक स्वार्थ के लिए है और आमजन की आपात सेवाओं को प्रभावित कर सकता है। कांग्रेस को किसानों के नाम पर भ्रम फैलाने के बजाय अपने पिछले शासनकाल की जिम्मेदारी स्वीकार कर किसानों से माफी मांगनी चाहिए। वर्तमान भाजपा सरकार किसानों की आय बढ़ाने, लागत घटाने और कृषि जोखिम कम करने के लिए प्रतिबद्ध है, और मध्यप्रदेश का बढ़ा हुआ उत्पादन एवं लाभकारी योजनाएं इसकी स्पष्ट सफलता हैं।
इसी प्रकार प्रदेश के सभी संभागों में कांग्रेस के आंदोलन को लेकर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री, सांसद एवं पार्टी प्रवक्तागणों ने पुरजोर विरोध जताते हुए प्रतिक्रियाएं दी। इंदौर में प्रदेश शासन के मंत्री तुलसीराम सिलावट, सागर में प्रदेश शासन के मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, छिंदवाड़ा में सांसद विवेक बंटी साहू, उज्जैन में प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र भारती, मंदसौर में प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसौदिया, ग्वालियर में प्रदेश प्रवक्ता व विधायक घनश्याम पिरोनिया, जबलपुर में प्रदेश प्रवक्ता व विधायक नीरज सिंह लोधी ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी।

