विदिशा 7 मई (आरएनएस)।भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह ने आज विदिशा जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न विभागों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनगणना कार्यों की तैयारियों, गेहूं उपार्जन व्यवस्था, नल-जल योजनाओं की प्रगति, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत संचालित गतिविधियों तथा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रिकॉर्ड रूम का अवलोकन किया।
संभागायुक्त सिंह ने सर्वप्रथम जनगणना कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से संपादित किए जाएं तथा आवश्यक प्रशिक्षण एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके उपरांत उन्होंने जिले में संचालित गेहूं उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसानों को उपार्जन केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए तौल, परिवहन, भुगतान एवं भंडारण संबंधी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
संभागायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित नल-जल योजनाओं की प्रगति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य की पूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं को समय सीमा में पूर्ण करने हेतु अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर चलाए जा रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण, तालाबों के गहरीकरण एवं वर्षा जल संचयन गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है और जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जाए।
प्रवास के दौरान संभागायुक्त संजीव सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रिकॉर्ड रूम का भी अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, डिजिटलीकरण एवं रिकॉर्ड प्रबंधन की प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय अभिलेखों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव प्रशासनिक कार्यों की सुगमता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अंशुल गुप्ता, अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर, जि़ला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

