0-भाजपा विधायक दल की बैठक आज
कोलकाता,07 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मंत्रिपरिषद को बर्खास्त कर दिया है. राज्यपाल आरएन रवि ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174(2)( बी) के तहत 7 मई 2026 से प्रभावी रूप से राज्य विधानसभा को भंग करने का आदेश जारी कर दिया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफा देने से इनकार करने के बाद यह भंग करने का कदम भाजपा को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का रास्ता साफ करता है.
2026 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की निर्णायक जीत के बाद ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था. कहा था कि विधानसभा का कार्यकाल 7-8 मई के आसपास समाप्त हो रहा है, इसलिए अभी इस्तीफा देने की कोई जरूरत नहीं है.
इसी बीच कोलकाता में शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक होने जा रही है। इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसमें मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार (6 मई 2026) को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था और आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का परिणाम जनादेश नहीं बल्कि एक साजिश है. संविधान के अनुच्छेद 164 के तहत मंत्रियों का पद राज्यपाल की प्रसन्नता पर निर्भर करता है, जिसके आधार पर राज्यपाल ने यह कदम उठाया है. यह घटनाक्रम राज्य में संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है.
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न हुई. 20 अप्रैल और 27 अप्रैल को वोट डाले गए. 4 मई को हुई मतगणना में भाजपा ने पूर्ण बहुमत हासिल करते हुए बंगाल की सत्ता से तृणमूल कांग्रेस को बेदखल कर दिया. इस करारी शिकस्त के बावजूद ममता बनर्जी द्वारा इस्तीफा न देने और जनादेश को साजिश बताने के चलते राज्य में संवैधानिक संकट पैदा हो गया. जिसके बाद राज्यपाल ने कैबिनेट बर्खास्त करने का फैसला लिया.
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य की 294 सीटों में से भाजपा को 207 सीटें मिलीं, जबकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमट गई. कांग्रेस के खाते में 2 सीटें आईं.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

