सिरसा 8 मई (आरएनएस)। प्रदेश युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहित शर्मा शुक्रवार को हड़ताली सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने हड़ताल को समर्थन देते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांग बिल्कुल जायज है। लेकिन सरकार उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही। मोहित ने कहा कि हड़ताल के चलते हालात दिन-प्रतिदिन और गंभीर होते जा रहे हैं। सरकार जनता की समस्याओं को हल करने की बजाय नगर निगम चुनाव की तैयारियों में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो चुकी है, लेकिन सरकार का ध्यान आम लोगों की परेशानियों की ओर नहीं है। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले एक हफ्ते से सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। यदि समय रहते कर्मचारियों से बातचीत कर समाधान नहीं निकाला गया तो हालात और बिगड़ सकते हैं। मोहित शर्मा ने कहा कि बाजारों, मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में गंदगी के कारण मच्छरों और बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। यदि जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो महामारी फैलते देर नहीं लगेगी। मोहित ने सरकार से मांग की कि सफाई कर्मचारियों की मांगों पर तुरंत गंभीरता से विचार किया जाए और बातचीत के जरिए हड़ताल खत्म करवाई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक कार्यक्रमों से ऊपर उठकर जनता के स्वास्थ्य और शहर की सफाई को प्राथमिकता देनी चाहिए। इस मौके पर विशाल सोनी ,वेद सैनी आदि मौजूद रहे मोहित शर्मा ने सरकार व प्रशासन को चेताते हुए कहा कि अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले दिनों में शहर के हालात और बदतर हो जाएंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

