सिरसा 8 मई (आरएनएस)। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जिले में 11 मई से 11 जून तक गलघोटू और मुंहखुर रोग पर अंकुश के लिए नि:शुल्क टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर पशुओं का मुफ्त टीकाकरण करेंगी। पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. सुखविंदर सिंह ने बताया कि गलघोटू और मुंहखुर रोग पशुओं में तेजी से फैलने वाली गंभीर बीमारियां हैं, जिनसे पशुओं के स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण करवाने से इन रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है और पशुओं को सुरक्षित रखा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि गलघोटू रोग में पशुओं को तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ और गले में सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जबकि मुंहखुर रोग में मुंह, खुर और थनों में छाले पड़ जाते हैं तथा पशु लंगड़ाने लगता है। इससे दूध उत्पादन में भी कमी आती है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से पशुओं को रोगों से सुरक्षा मिलती है, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होती है, पशुओं की सेहत बेहतर रहती है तथा पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाव होता है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान पूरी तरह नि:शुल्क है और विभाग की टीमें निर्धारित अवधि के दौरान पशुपालकों के घर पहुंचकर टीकाकरण करेंगी। अधिक जानकारी के लिए पशुपालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सिरसा से संपर्क कर सकते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

