जौनपुर ,09 मई (आरएनएस)। जनपद में एलपीजी गैस की किल्लत अब आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें रोजाना देखने को मिल रही हैं। रसोई का चूल्हा जलाने की चिंता में लोग सुबह से शाम तक तपती धूप में लाइन लगाए बैठे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय से गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। बड़ी संख्या में परेशान उपभोक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने आरोप लगाया कि बुकिंग कराने के बावजूद 20 से 25 दिन बाद भी गैस उपलब्ध नहीं हो रही, जबकि कुछ लोगों को बिना इंतजार के आसानी से सिलेंडर मिल जा रहा है। कई गैस एजेंसियों पर रसूखदार और प्रभावशाली लोगों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि आम उपभोक्ता लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं। यही नहीं, कुछ एजेंसी संचालकों पर सत्ता पक्ष से करीबी संबंध होने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि इसी वजह से विभागीय अधिकारी एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई करने से बच रहे हैं। जिलाधिकारी ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। इसके बाद जिला पूर्ति विभाग ने टीमें गठित कर विभिन्न गैस एजेंसियों पर जांच शुरू कर दी है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनता से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में कुछ खामियां सामने आई हैं और उसकी रिपोर्ट एडीएम को भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि शादी-विवाह के सीजन और सप्लाई कम मिलने के कारण समस्या बढ़ी है। विभाग की ओर से शादी व अन्य आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस उपलब्ध कराई जा रही है तथा अब तक लगभग एक हजार लोगों को रजिस्ट्रेशन के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा चुकी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

