बैतूल,09 मई (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल जिला कार्यालय में जिला बैठक एवं कोर कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विचारधारा के प्रति निष्ठा हमारे संगठन की पहचान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की जनता का भाजपा पर निरंतर भरोसा बढ़ा है। हम सभी कार्यकर्ताओं को जनता के इस भरोसे को इसी तरह बनाए रखने के लिए लगातार सेवोन्मुखी कार्य करना है। पार्टी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण सतत चलने वाली प्रक्रिया है। संगठन की सफलता से कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ता है। सतत संपर्क और संवाद के साथ संगठन के कार्यों के लिए समय देना हम सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है। बैठक को केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी कांतदेव सिंह, जिला प्रभारी सुदर्शन गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने भी संबोधित किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश पार्टी संगठन के बताए अनुसार समय पर सभी बैठकें हम सभी कार्यकर्ताओं को सुनिश्चित करना है। संगठन को और बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता परिवार भाव से सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं। बैतूल जिले में जिस तरह से समन्वय के साथ संगठन कार्य कर रहा है, वह अन्य जिलो के लिए भी प्रेरणा का कार्य करता है। मंडल स्तर की बैठक समय पर हो रही है। इनकी व्यवस्थित रिपोर्टिंग और कार्यकर्ताओं की निष्ठा से सभी कार्यक्रम सफल हुए हैं। आने वाले दिनों में होने वाले प्रशिक्षण वर्ग में संख्या अनुशासन और 100 प्रतिशत उपलब्धता से हम संगठन की आशाओं पर खरे उतरेंगे। प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन से लेकर समापन तक सर्वव्यापी, सर्व समावेशी और सर्वस्पर्शी अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण हमें प्रस्तुत करना है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता सशक्त संगठन का सृजन करते हैं। पार्टी कार्यकर्ता संगठन के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के जनकल्याणकारी व उल्लेखनीय कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। हमारे संगठन में प्रशिक्षण और सतत संवाद की प्रक्रिया है, जो हमें अन्य दलों से अलग बनाती है। प्रशिक्षण और सतत संवाद से ही हमारा दल आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुका है।
बैठक में विधायक महेंद्र सिंह चौहान, चंद्रशेखर देशमुख, गंगाबाई उइके, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार सहित जिला पदाधिकारी, मोर्चो के जिलाध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

