संगठनात्मक मजबूती व जनआंदोलनों पर होगी व्यापक चर्चा
सिरसा 10 मई (आरएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) जिला सिरसा के तत्वावधान में आगामी शुक्रवार, 15 मई 2026 को प्रात: 10 बजे प्रकाश भवन, अग्रवाल कॉलोनी, टूटी दीवार के नजदीक, सिरसा में जिला स्तरीय संगठन समीक्षा बैठक का आयोजन किया जा रहा है। यह बैठक पार्टी संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा बहुजन समाज के हितों से जुड़े जन मुद्दों को लेकर आगामी रणनीति तय करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में इंजीनियर सी.पी. सिंह (केंद्रीय स्टेट प्रभारी हरियाणा व राजस्थान, बसपा) उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में एडवोकेट नेतराम (स्टेट प्रभारी हरियाणा), डॉ. महेंद्र जाजोरिया (स्टेट प्रभारी हरियाणा) एवं प्रेम सिंह राठी (प्रदेश कोषाध्यक्ष, हरियाणा) शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त रामसिंह प्रजापति (लोकसभा प्रभारी, सिरसा) विशेष अतिथि के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बसपा जिला अध्यक्ष रामधन चौटाला करेंगे। बैठक को लेकर पूरे सिरसा जिले के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी द्वारा लगातार गांव, वार्ड, बूथ और सेक्टर स्तर पर संगठन विस्तार अभियान चलाया जा रहा है। बसपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन ही सामाजिक परिवर्तन और राजनीतिक भागीदारी का सबसे बड़ा आधार होता है। इसी उद्देश्य के साथ जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की समीक्षा की जाएगी तथा प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में पार्टी की जनहित गतिविधियों, सामाजिक न्याय, गरीब, मजदूर, किसान, कर्मचारी, युवा, महिलाओं एवं पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। हाल ही में प्रदेशभर में गरीबों के मकानों को तोड़े जाने, बेरोजगारी, महंगाई, निजीकरण, किसानों की समस्याओं और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर बसपा द्वारा उठाई गई आवाज को और अधिक मजबूत करने की रणनीति तैयार की जाएगी। बसपा नेताओं का कहना है कि पार्टी केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि बहुजन समाज के सम्मान, अधिकार और हिस्सेदारी की लड़ाई लगातार संघर्ष के साथ लड़ रही है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, मान्यवर कांशीराम साहब एवं कुमारी मायावती की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को मिशनरी भावना के साथ काम करने का आह्वान किया जाएगा। बैठक में आगामी समय में गांव स्तर पर जनसंपर्क अभियान, बूथ समितियों का गठन, युवाओं को पार्टी से जोडऩे, सोशल मीडिया प्रचार को मजबूत करने तथा बहुजन समाज के लोगों के बीच राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने को लेकर विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी। बसपा जिला अध्यक्ष रामधन चौटाला ने जिले के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बहुजन समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बैठक को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाने के लिए निरंतर संघर्षरत है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

