लखनऊ 10 मई (आरएनएस )। राजधानी के काकोरी थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शीतला माता मंदिर के पास खुलेआम अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे दो लोगों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 35 पाउच देशी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को थाना काकोरी में तैनात उपनिरीक्षक अंकित यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, वाहन और अवैध गतिविधियों की निगरानी के साथ शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्गागंज चौराहे के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पीआरवी 6378 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि शीतला माता मंदिर, कस्बा काकोरी के पास एक व्यक्ति खुले में अवैध शराब बेच रहा है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक अंकित यादव पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देशी शराब ठेका हाता हजरत साहब के पास दो व्यक्तियों को अवैध रूप से शराब बेचते हुए देखा। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम कुमार कश्यप पुत्र स्वर्गीय ईश्वरदीन निवासी बरगदतला थाना काकोरी, उम्र करीब 51 वर्ष तथा रवि कुमार रावत पुत्र लालता प्रसाद निवासी शेखसादी मोहल्ला, कस्बा काकोरी, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 200 एमएल क्षमता वाले 35 पाउच देशी शराब बरामद किए गए।पुलिस ने जब दोनों से शराब बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस मांगा तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना काकोरी में मुकदमा संख्या 164/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। त्योहारों और गर्मी के मौसम को देखते हुए पुलिस अवैध शराब कारोबारियों पर विशेष नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर अंकुश लगाया जा सके।इस कार्रवाई को सफल बनाने में उपनिरीक्षक अंकित यादव के साथ कांस्टेबल अजीत कुमार, कांस्टेबल गौरव भदौरिया तथा कांस्टेबल अमित बाबू की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

