लखनऊ 10 मई (आरएनएस ), । श्री बुद्धेश्वर उद्योग व्यापार मण्डल के चुनाव रविवार को उत्साह, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गए। सुबह 10 बजे से शुरू हुए मतदान में व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और संगठन के नए नेतृत्व के चयन में सक्रिय भागीदारी निभाई। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए, जिसमें अध्यक्ष पद पर पिन्टू गुप्ता और वरिष्ठ महामंत्री पद पर अखिलेश यादव विजयी घोषित किए गए।व्यापार मण्डल चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए पिन्टू गुप्ता और सुजीत कुमार गौतम के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतगणना के बाद पिन्टू गुप्ता ने 304 मतों के अंतर से जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं वरिष्ठ महामंत्री पद के चुनाव में अखिलेश यादव ने अपने प्रतिद्वंद्वी रविन्द्र शर्मा को 314 मतों से पराजित कर विजय हासिल की।चुनाव अधिकारी रासिद अली एवं रामशंकर राजपूत ने बताया कि चुनाव को लेकर व्यापारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराई गई। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान व्यापारियों ने लोकतांत्रिक परंपरा का सम्मान करते हुए बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।नामांकन पत्रों की जांच के बाद कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन भी घोषित किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर प्रदीप कुमार, राजू शुक्ला और शिव कुमार यादव निर्विरोध चुने गए। उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक जय गुप्ता, विमर्श गुप्ता और राजकुमार रावत निर्विरोध निर्वाचित हुए। कोषाध्यक्ष पद पर रवीश, मंत्री पद पर प्रियांशु गुप्ता तथा संगठन मंत्री पद पर अर्नव तिवारी को निर्विरोध चुना गया। इसके अतिरिक्त राजेंद्र रावत को वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।परिणाम घोषित करते हुए लखनऊ व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि व्यापार मण्डल का चुनाव आपसी भाईचारे, लोकतांत्रिक मूल्यों और संगठनात्मक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संगठन में सभी व्यापारी एक परिवार की तरह हैं और सभी को साथ लेकर व्यापार मण्डल को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।महामंत्री उमेश शर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की तैयारी लगभग तीन माह पूर्व ही शुरू कर दी गई थी। सदस्यता अभियान चलाने के बाद मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव सम्पन्न कराए गए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सहयोग और अनुशासन के कारण चुनाव पूरी तरह सफल रहा।चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में राजेश शुक्ला, धर्मेन्द्र सिंह पार्षद, ताराचन्द्र रावत, देवीदास अग्रवाल, शिव प्रसाद पाण्डेय, इरशाद अहमद गुड्डू, नीरज शुक्ल और विमलेश तिवारी सहित कई पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान चुनाव अधिकारियों एवं सहयोगियों का माल्यार्पण कर स्वागत और सम्मान भी किया गया।चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद व्यापारियों ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी और संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

