अग्रवाल युवा मण्डल द्वारा राष्ट्रीय संप्रेक्षण गृह में 141 बच्चों हेतु संस्कारशाला एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित
प्रयागराज 10 मई (आरएनएस)। अग्रवाल युवा मण्डल द्वारा राष्ट्रीय संप्रेक्षण गृह (किशोर), प्रयागराज में 141 बच्चों के लिए “संस्कारशाला एवं कौशल विकास कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न परिस्थितियों के कारण जीवन की मुख्यधारा से भटके बच्चों को पुन: संस्कार, शिक्षा, कला, संगीत एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोडऩा था। इस अवसर पर बच्चों को वस्त्र, फुटवियर एवं स्टेशनरी सामग्री का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के अध्यक्ष पियूष रंजन अग्रवाल, मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग, मंत्री अजीत बंसल, समाज के सदस्य अंकुर अग्रवाल एवं नवीन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समाज के कार्यालय प्रभारी अंकित अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
अग्रवाल महिला मण्डल की अध्यक्ष मोना अग्रवाल, महामंत्री नंदिता अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्वेता पोद्दार एवं प्रियंका अग्रवाल ने बच्चों को संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता एवं सकारात्मक सोच के विषय में प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया। युवा महिला मण्डल की महामंत्री डॉ. कीर्ति अग्रवाल ने बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सकारात्मक ऊर्जा के महत्व पर प्रेरक विचार साझा किए। मदर्स डे के अवसर पर उन्होंने बच्चों को माता के सम्मान, सेवा एवं उनके संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प भी दिलाया।
संस्था के संचालक राकेश चौरसिया ने बच्चों को अनुशासन बनाए रखते हुए जीवन में निरंतर आगे बढऩे तथा सही दिशा में प्रयास करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर अंकुर अग्रवाल और श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के अध्यक्ष पियूष रंजन अग्रवाल ने भी संबोधित किया।
मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि बच्चों के भीतर अपार प्रतिभा एवं संभावनाएं छिपी होती हैं। आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा, प्रोत्साहन एवं सकारात्मक वातावरण देने की है।
कार्यक्रम के दौरान युवा मण्डल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल ने अनूप अग्रवाल एवं अंकुर अग्रवाल को विशेष सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।
अंत में युवा मण्डल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल ने सभी अतिथियों, समाज के सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के आर्थिक एवं नैतिक सहयोग से ही ऐसे संस्कारात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम सफल हो पाते हैं तथा युवा मण्डल भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा?।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

