इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में आयोजित इंडक्शन मीटिंग में विद्यार्थियों को मिली शिक्षा, तकनीक और आत्मनिर्भरता की सीख
प्रयागराज 10 मई (आरएनएस)। इलाहाबाद डिग्री कॉलेज के इग्नू अध्ययन केंद्र में रविवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के जनवरी 2026 सत्र के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए “इंडक्शन मीटिंग एवं परिचय समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नई उम्मीदों और नए सपनों के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा, तकनीक और आत्मनिर्भरता की सीख दी गई।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की अध्ययन प्रणाली, ऑनलाइन सेवाओं एवं परीक्षा प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को इग्नू की शिक्षण प्रणाली, अध्ययन सामग्री, डिजिटल प्लेटफॉर्म, ऑनलाइन कक्षाओं, असाइनमेंट प्रक्रिया एवं परीक्षा प्रणाली से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता इलाहाबाद डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अतुल कुमार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि दूरस्थ शिक्षा वर्तमान समय में शिक्षा का एक प्रभावी माध्यम बन चुकी है और इग्नू विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे का अवसर प्रदान कर रहा है। मुख्य अतिथि डॉ. नलिन कुमार जैन ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय प्रबंधन एवं तकनीकी संसाधनों के सदुपयोग की सीख दी। अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. आनंद कुमार ने विद्यार्थियों को इग्नू की प्रवेश एवं अध्ययन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन सामग्री प्राप्त करने, असाइनमेंट जमा करने, परीक्षा आवेदन, डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा अध्ययन केंद्र की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को सरल तरीके से समझाया।
तकनीकी सहायक विनोद कुमार ने विद्यार्थियों को ई-ज्ञानकोष, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, डिजिटल शिक्षण संसाधनों तथा परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नमित कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन गिरीश कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

