-व्यापारियों ने पूर्व सांसद लल्लू सिंह को सौंपा ज्ञापन
सोहावल-अयोध्या 10 मई (आरएनएस)। रेलवे स्टेशन पर बंद हुए ट्रेनों के ठहरा के पुन: संचालन तथा आरक्षण काउंटर खोले जाने की मांग को लेकर सुचित्तागंज के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने पूर्व सांसद लल्लू सिंह को ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरभद्र गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन देकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।ज्ञापन में कहा गया कि सोहावल रेलवे स्टेशन से बड़ी संख्या में व्यापारी, छात्र, कर्मचारी एवं आम यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं। लेकिन पर्याप्त ट्रेनों के ठहराव और संचालन न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कानपुर, दिल्ली, वाराणसी सहित अन्य बड़े शहरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे वैष्णो देवी एवं काशी विश्वनाथ जाने वाले यात्रियों को लंबी दूरी तय कर अन्य स्टेशनों से ट्रेन पकडऩी पड़ती है। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी हो रही है।व्यापारियों ने मांग करते हुए कहा कि पहले संचालित होकर बाद में बंद की गई अयोध्या-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, वाराणसी इंटरसिटी तथा अयोध्या कैंट से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को पुन: शुरू किया जाए। साथ ही सोहावल रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर खोला जाए।ताकि यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए दूर-दराज न जाना पड़े। ज्ञापन सौंपने वालों ने कहा कि यदि स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन बढ़ता है। आरक्षण सुविधा उपलब्ध होती है। इससे क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को भी लाभ मिलेगा। पूर्व सांसद ने लोगों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों तक समस्या को पहुंचाने और समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

