कानपुर 10 मई (आरएनएस)। जय नारायण विद्या मंदिर में रविवार को आरोग्य भारती कानपुर महानगर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत महानगर अध्यक्ष स्वर्गीय डॉ. अनिल कुमार चतुर्वेदी और डॉ. मनमीत सिंह के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित पदाधिकारियों और चिकित्सकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी। शोक सभा के दौरान वक्ताओं ने दोनों चिकित्सकों के संगठन और समाज के प्रति योगदान को याद किया।बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। आरोग्य भारती के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. बीएन आचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि आरोग्य भारती केवल एक संगठन नहीं, बल्कि भारतीय चिकित्सा पद्धति और स्वास्थ्य जागरूकता को समाज तक पहुंचाने का एक बड़ा अभियान है।बैठक में अखिल भारतीय संगठन सचिव डॉ. अशोक कुमार वासनिक के 16 और 17 मई को प्रस्तावित कानपुर प्रवास कार्यक्रम पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने उनके स्वागत और कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप देने पर विचार-विमर्श किया। इसके अलावा आगामी वर्ष के विभिन्न विषयों, जनजागरूकता अभियानों और संगठन विस्तार को लेकर सुझाव साझा किए गए।संग्राम विजय सिंह ने भविष्य की कार्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि संगठन को गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचाने के लिए नियमित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम चलाने होंगे। बैठक की अध्यक्षता अंगद सिंह ने की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और चिकित्सकों से संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।बैठक में उपस्थित चिकित्सकों और पदाधिकारियों ने आरोग्य भारती को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान रमाकांत पांडेय , दयाशंकर शुक्ला , डॉ प्रीति सिंह , वैध विनय प्रकश श्रीवास्तव, दीपक अरोरा , रोशन वर्मा , डॉ. मनीष यादव, डॉ. मनीष सिंह, दिग्विजय सिंह, श्याम सुंदर गुप्ता, सुशील कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

