80 जिलों तक उठेगा व्यापारियों का मुद्दा
कानपुर 10 मई (आरएनएस)। ऐतिहासिक परेड रामलीला मंच और परेड बाजार क्षेत्र में नगर निगम द्वारा दुकानों को दो दिन के भीतर खाली करने के नोटिस के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नोटिस जारी कर बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, जिससे हजारों दुकानदारों की रोज़ी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। इस कार्रवाई के विरोध में कानपुर उद्योग व्यापार मंडल (उत्तर) के पदाधिकारी और सैकड़ों व्यापारी काली पट्टी बांधकर सड़क पर उतरे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नगर निगम के फैसले के खिलाफ नारेबाजी की और इसे “अनैतिक कार्रवाई” बताया।जिला अध्यक्ष सुनील बजाज ने कहा कि संगठन हमेशा व्यापारियों के हितों के लिए संघर्ष करता रहा है और जरूरत पडऩे पर बड़े आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी ने आश्वासन दिया कि संगठन पूरे प्रदेश के 80 जिलों तक इस मुद्दे को उठाएगा और सरकार तक व्यापारियों की बात पहुंचाई जाएगी। वहीं युवा अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता ने कहा कि जरूरत पड़ी तो लखनऊ तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला जाएगा।राष्ट्रीय लोक दल के संयोजक सुरेश गुप्ता ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ परेड बाजार की नहीं बल्कि पूरे व्यापारी समाज की है। कार्यक्रम में कई व्यापारियों ने एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।प्रदर्शन में रामेश्वर गुप्ता, सुनील बजाज, सौरभ त्रिवेदी, संतोष शर्मा, सुशील गुप्ता सहित कई व्यापारी नेता और सैकड़ों दुकानदार मौजूद रहे।
हम व्यापारी किसी भी हाल में अपनी रोज़ी-रोटी पर संकट नहीं आने देंगे। परेड बाजार के दुकानदार वर्षों से यहां व्यापार कर रहे हैं और अचानक दुकानें खाली कराने का नोटिस देना गलत है। अगर जरूरत पड़ी तो हम शांतिपूर्ण तरीके से बड़ा आंदोलन करेंगे। हम किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे और हर स्तर पर व्यापारियों की लड़ाई मजबूती से लड़ेंगे।”-सुनील बजाज
“हम परेड बाजार के व्यापारियों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। यह लड़ाई सिर्फ एक बाजार की नहीं, पूरे व्यापारी समाज की है। जरूरत पड़ी तो हम प्रदेश के हर जिले तक इस मुद्दे को उठाएंगे और सरकार तक व्यापारियों की आवाज पहुंचाएंगे।”-कृपा शंकर त्रिवेदी

