कानपुर 10 मई (आरएनएस)। बर्रा स्थित विश्वबैंक डी-ब्लॉक में रविवार सुबह आवारा कुत्तों के हमले में 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चा मोहल्ले के पार्क में खेलने गया था, तभी तीन कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के हाथ, पैर, कंधे और कमर पर कई जगह काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। मौके पर मौजूद युवकों ने डंडे और क्रिकेट बैट से कुत्तों को भगाकर बच्चे की जान बचाई। इसके बाद घायल बच्चे को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के शरीर पर 25 से अधिक दांत के निशान हैं और छह जगह गंभीर घाव मिले हैं। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद अर्पित यादव मौके पर पहुंचे और नगर निगम की टीम को बुलाया। नगर निगम के दस्ते ने इलाके से कई आवारा कुत्तों को पकड़कर हटाया।पार्षद ने कहा कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे कुत्तों को पकडऩे के साथ उनके स्थायी रखरखाव की व्यवस्था करने की मांग की है।
आज जो घटना हुई है वह बेहद गंभीर और चिंताजनक है। एक मासूम बच्चा आवारा कुत्तों के हमले में बुरी तरह घायल हो गया। मैं मौके पर तुरंत पहुंचा और नगर निगम की टीम को बुलाकर कुत्तों को पकड़वाया। लेकिन यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। जब भी हम कार्रवाई करते हैं, कुछ लोग विरोध करते हैं, जिससे कार्रवाई पूरी तरह प्रभावी नहीं हो पाती। मेरी मांग है कि ऐसे कटखने आवारा कुत्तों को केवल पकडऩा ही नहीं बल्कि उनके स्थायी रखरखाव की व्यवस्था भी होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम के साथ ऐसी घटना न हो।”-पार्षद अर्पित यादव

