कानपुर 10 मई (आरएनएस)। यशोदा नगर इलाके में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहा निर्माण कार्य स्थानीय व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। पिछले छह महीनों से नाले और सीवर लाइन के धीमे निर्माण के चलते बाजार की स्थिति खराब हो गई है।व्यापारियों का कहना है कि दुकानों के सामने गहरे गड्ढे और मलबा जमा होने से ग्राहकों की आवाजाही लगभग बंद हो गई है, जिससे कारोबार पर भारी असर पड़ा है। व्यापार मंडल के महामंत्री के.के. गुप्ता ने बताया कि करीब 500 दुकानदार सीधे प्रभावित हैं और 1500 परिवारों की आजीविका संकट में है।रविवार को यशोदा नगर उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले सैकड़ों व्यापारियों ने दुकानें बंद कर सड़क पर प्रदर्शन किया और निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जल्द काम पूरा करने का आश्वासन दिया, लेकिन व्यापारियों ने चेतावनी दी कि सुधार नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

