पूनम संत महिला एवं विकास समिति ने किया मातृ दिवस समारोह का भव्य आयोजन
प्रयागराज 10 मई (आरएनएस)। पूनम संत महिला एवं विकास समिति द्वारा मातृ दिवस के शुभ अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा, संस्कृति, महिला सशक्तिकरण एवं मातृत्व के सम्मान को केंद्र में रखते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, सम्मान समारोह एवं महिला आत्मनिर्भरता से जुड़े विशेष कार्य संपन्न हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रीया गुहा द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण गणेश वंदना से हुई। तत्पश्चात संस्था की राष्ट्रीय संयोजिका श्रीमती इसाबेल ब्रेंडिश द्वारा स्वागत भाषण एवं अतिथियों का परिचय कराया गया।
इस अवसर पर संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम संत मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। उन्होंने मातृ दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि माँ केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि जीवन को संस्कार, प्रेम और दिशा देने वाली प्रथम शक्ति है। जिस समाज में मातृशक्ति का सम्मान होता है, वही समाज सशक्त और समृद्ध बनता है।
पूनम संत ने संस्था द्वारा संचालित “मिशन दुर्गा” एवं “सखी जोड़ो अभियान” का उल्लेख करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा कई सखियों को आत्मनिर्भरता एवं रोजगार प्रोत्साहन हेतु सिलाई मशीनों का वितरण भी किया गया। संस्था के इस प्रयास की उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों द्वारा सराहना की गई।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आध्यात्मिक गुरू आचार्य महामंडलेश्वर कौशल्या नंद गिरी जी महाराज एवं न्यायमूर्ति विजयलक्ष्मी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम और कैटवॉक की प्रस्तुति भी की गई। मातृ दिवस के विशेष अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को इंस्पायरिंग वूमेन अवार्ड से सम्मानित किया गया।
पूरा कार्यक्रम मातृत्व, नारी सम्मान, महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भर भारत की भावना से ओतप्रोत रहा तथा उपस्थित सभी लोगों ने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

