सांसद उज्जवल रमण के घर का घेराव किया
प्रयागराज 10 मई (आरएनएस)। महिला आरक्षण बिल को लेकर रविवार को बीजेपी की महिला कार्यकत्रियों ने मार्च निकाल कर प्रदर्शन किया। संसद में महिला बिल पर विपक्षी दलों द्वारा विरोध और असहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए जाने से नाराज कार्यकत्रियों ने सांसद उज्जवल रमण के घर का घेराव किया। प्रदर्शनकारी महिलाएं उनके आवास के मुख्य द्वार के सामने बैठ गईं और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इस दौरान करीब 100 की संख्या में मौजूद महिलाओं ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनके हाथों में बैनर और तख्तियां भी थीं, जिनके जरिए उन्होंने बिल के समर्थन में अपनी मांग दोहराई। महिला कार्यकत्रियों का कहना था कि संसद में महिला सशक्तीकरण के लिए लाया गया यह बिल बेहद जरूरी है और इसका विरोध महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है। सपा और कांग्रेस ने मिलकर इस बिल को फेल करने की कोशिश की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा और उग्र धरना-प्रदर्शन करेंगी।
पार्षद सोनिका अग्रवाल का कहना है कि संसद में लिए जाने वाले निर्णयों पर देश की आधी आबादी की पैनी नजर है। उन्होंने प्रधानमंत्री के महिला सशक्तिकरण के विजन का समर्थन करते हुए कहा कि जब तक महिलाएं नीति-निर्धारण में शामिल नहीं होंगी, उनके अधिकारों की रक्षा नहीं हो पाएगी। उन्होंने सांसद पर तंज कसते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को ‘भेड़-चालÓ के बजाय अपने विवेक से निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं के हितों की अनदेखी की गई, तो आगामी चुनावों में इसका परिणाम भुगतना पड़ सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

