सीतापुर 10 मई (आरएनएस)। जिले में रविवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। जिले के महमूदाबाद, रामकोट और खैराबाद थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कहीं तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवक की जान ले ली तो कहीं बाइक और सीएनजी ऑटो की भिड़ंत मौत का कारण बन गई। वहीं सड़क पार कर रही महिला को स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। सभी घटनाओं के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
इनसेट
महमूदाबाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत
सीतापुर। महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के रामपुर मथुरा रोड स्थित ललित मेमोरियल लाइब्रेरी एंड स्टडी प्वाइंट के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में नयागांव निवासी कुतुबुद्दीन (19) पुत्र नसरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि युवक रिश्तेदारी में खेतौरा जा रहा था। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी वाहन की तलाश कर रही है।
इनसेट
रामकोट में बाइक और ऑटो की भिड़ंत, एक की मौत
सीतापुर। जिले के रामकोट थाना क्षेत्र के हरदोई-सीतापुर मार्ग स्थित रायपुर नहर पुलिया के पास बाइक और सीएनजी ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत में छह लोग घायल हो गए। मिश्रिख क्षेत्र के जयपुर गांव निवासी सुनील अपनी पत्नी रागिनी और साथी राजेश के साथ बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे ऑटो से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार इर्शाद, बिंदु और समीर भी घायल हुए। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान राजेश की मौत हो गई। वहीं सुनील और रागिनी की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
इनसेट
सीतापुर खैराबाद में स्कॉर्पियो की टक्कर से महिला की जान गई
फोटो-06
सीतापुर। खैराबाद थाना क्षेत्र के बाराभारी के पास सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। ग्राम असोढऱ निवासी हसरा (45) पत्नी स्वर्गीय खलील गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। परिजनों के अनुसार मृतका के तीन बेटियां और एक बेटा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए बताया कि परिजनों के पास वाहन का नंबर मौजूद है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

