– ब्लॉक प्रमुख को भी दी गई गालियां
सीतापुर 10 मई (आरएनएस)। नैमिषारण्य थाना क्षेत्र में एक होर्डिंग लगाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि युवक को फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे दी गई। मामले का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वायरल ऑडियो में मिश्रिख ब्लॉक प्रमुख के लिए भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने की चर्चा है। पीडि़त प्रदीप उर्फ बसंतू पासी निवासी गंज मुरादाबाद ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने ठाकुर नगर गांव में आम जनता को शुभकामनाएं देने के लिए एक होर्डिंग लगवाई थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शुक्रवार देर रात ठाकुर नगर ग्राम प्रधान दिलीप गुप्ता के भाई राजेश गुप्ता ने उसे फोन किया और होर्डिंग हटाने का दबाव बनाया। प्रदीप के मुताबिक जब उसने किसी भी प्रकार के विवाद या विरोध की बात से इनकार किया तो आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त ने पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली, जिसे उसने साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंप दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी राजेश गुप्ता पहले भी विवादों में रह चुका है। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले अजीजपुर गांव में हुई गोलीबारी के मामले में वह जेल भी जा चुका है और दो दिन पहले ही रिहा होकर बाहर आया है। मामले में थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं सीओ बृजेश कुमार ने भी मामले की जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए जांच कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

