सीतापुर 10 मई (आरएनएस)। श्रीकृष्ण नरायण सेवा समिति की ओर से मदर्स डे के अवसर पर जिला महिला अस्पताल में भावनात्मक और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवजात शिशुओं और उनकी माताओं को सम्मानित कर मातृत्व के प्रति आदर और संवेदना का संदेश दिया गया। संस्था की महिलाओं ने अस्पताल पहुंचकर नवजात बच्चों को कपड़े, खिलौने, पौष्टिक आहार और आवश्यक सामग्री वितरित की, वहीं माताओं को जरूरी सामेग्री भेंट कर उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में खुशियों और अपनत्व का माहौल देखने को मिला। संस्था की अध्यक्ष सुनैना गुप्ता ने कहा कि मां सिर्फ एक रिश्ता नहीं, बल्कि त्याग, प्रेम और शक्ति का प्रतीक होती है। उन्होंने बताया कि मदर्स डे का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि उन माताओं के प्रति सम्मान प्रकट करना है जो अपने परिवार और बच्चों के लिए हर दिन संघर्ष करती हैं। उन्होंने कहा कि नवजात शिशुओं के साथ माताओं के चेहरे पर मुस्कान लाना संस्था के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। संस्था पिछले करीब दस वर्षों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। गरीबों की सहायता, स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सम्मान और जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने जैसे कार्य लगातार किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में श्वेता जैन ,रिंकी रस्तोगी, नेहा गुप्ता, सीमा जैन, रेखा रानी सक्सेना, शिल्पी, प्रीती और आदित्य सहित कई लोगों ने सक्रिय सहयोग किया। वहीं डॉ. जैदी, डॉ. रीता और महिला अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संस्था ने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

