हरिद्वार,10 मई (आरएनएस)। राज्य सरकार की अभिनव पहल के तहत अब ग्राम पंचायतों में बने मिनी सचिवालय केवल सरकारी कामकाज तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि ग्रामीण बच्चों के चरित्र निर्माण, नैतिक शिक्षा और राष्ट्रभक्ति के केंद्र के रूप में नई पहचान बनाएंगे। जनपद में इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत हो चुकी है और रविवार को रावली महदूद गांव में इसका सफल परीक्षण भी किया गया। इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने बताया कि जनपद के 25 मिनी सचिवालयों में राष्ट्र निर्माण केंद्र संचालित किए जाएंगे। इन केंद्रों में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को नैतिक शिक्षा, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक बुराइयों से बचाव, खेलकूद और प्रेरणादायी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम प्रत्येक रविवार अथवा अवकाश दिवस पर सुबह 9 बजे से 11 बजे तक आयोजित किया जाएगा। विधायक ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में बच्चों को संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच से जोडऩा बेहद जरूरी है। गांवों में शिक्षा और संस्कार आधारित वातावरण तैयार करना समय की मांग है और यह पहल ग्रामीण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

