हरिद्वार,10 मई (आरएनएस)। कनखल पुलिस ने पिल्ला गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के तीन मास्टरमाइंड को शनिवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गैंग को नशा, पैसा और हथियार उपलब्ध कराकर विभिन्न वारदातों को अंजाम दिलवाते थे। पुलिस अब इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है। कनखल क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मारपीट और आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस की सादे कपड़ों में टीमें सक्रिय थीं। जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में संदिग्धों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान चार मई को प्रणव शर्मा निवासी कनखल के साथ रॉयल हट, जगजीतपुर में हुई मारपीट के मामले में दर्ज मुकदमे की जांच आगे बढ़ाई गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार को कुशलपाल, आकाश कुमार और हिमांशु उर्फ जौनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि इनका नेटवर्क भूपतवाला, नगर कोतवाली, ज्वालापुर, कनखल, पथरी और लक्सर तक फैला हुआ है। अब तक इस गिरोह से जुड़े नौ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

