श्रीनगर गढ़वाल,10 मई (आरएनएस)। शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे लोगों की कार बिलकेदार-देहलचौरी मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 से 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में देहरादून निवासी महिला की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार रविवार को देहलचौरी चौकी में सूचना मिली कि अरकणी बैंड से करीब 800 मीटर आगे एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली श्रीनगर से पुलिस टीम आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि वाहन चालक रोहित थपलियाल रुद्रप्रयाग से शादी समारोह में शामिल होकर विकास खंड कोट के ग्राम भेंटा गांव से रुद्रप्रयाग लौट रहे थे। वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे। मौके पर तैनात कांस्टेबल बद्रीलाल ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल महिला अनीता भट्ट (49) पत्नी शशिराम भट्ट निवासी जाखन, अंसल ग्रीन वैली, राजपुर रोड देहरादून को कांस्टेबल बदरीलाल ने अपने निजी वाहन से तत्काल बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचाया जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल लोगों में चालक रोहित थपलियाल (24) पुत्र प्रेमचंद थपलियाल, रश्मि देवी (45) पत्नी प्रेमचंद थपलियाल, सुधा देवी (54) पत्नी जगदीश प्रसाद निवासी रतूड़ा रुद्रप्रयाग तथा सुमन बिष्ट (26) पुत्री गजपाल सिंह बिष्ट निवासी ग्राम भेंटा, देहलचौरी पौड़ी जनपद शामिल हैं। सभी घायलों का बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

