पौड़ी,10 मई (आरएनएस)। चंद्रबदनी गैस सर्विस अंजनीसौंण के खिलाफ गैस सिलिंडरों की आपूर्ति में अनियमितता और कालाबाजारी की लगातार शिकायतें आ रही हैं। जिला आपूर्ति विभाग ने इस पर सख्त रुख अख्तियार किया है। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी व क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) जाखणीधार के नोडल अधिकारी गरविन भट्ट को मामले की संयुक्त जांच कर रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है। स्थानीय हरिदत्त ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक शिकायतीपत्र दिया। शिकायतकर्ता ने कहा कि डीएसी प्राप्त होने के बावजूद उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं की जा रही है। आरोप लगाया कि गैस एजेंसी सिलिंडरों की कालाबाजारी भी कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गरविन भट्ट को इस प्रकरण को तत्काल क्यूआरटी टीम के संज्ञान में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने टीम को मौके पर जाकर संयुक्त जांच करने और जांच आख्या जल्द से जल्द कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

