प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों को लेकर बैठक में की चर्चा
सिरसा 11 मई (आरएनएस)। भाजपा जिलाध्यक्ष डबवाली रेणु शर्मा की अध्यक्षता में आगामी 23-24 मई को होने वाले प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। रेणु शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि मई 2026 में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण शिविरों और उनसे संबंधित बैठकों का दौर जारी है। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासित करना, विचारधारा से जोडऩा और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास और सिद्धांतों (जैसे एकात्म मानववाद) के बारे में अवगत करवाया जा रहा है। वहीं आगामी चुनावी चुनौतियों और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसके साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति भी बनाई जा रही है। इस मौके पर पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड विजय पर सभी कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया। उन्होंने बंगाल की जनता को साधुवाद देते हुए बधाई दी। रेणु शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में जहां भी भाजपा की सरकार नहीं है, वहां पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनाएगी। इसके साथ-साथ एसआईआर भी विस्तार से सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने चर्चा की। जिला प्रभारी मुकेश गौड़ ने भी बैठक में उपस्थिति दर्ज करवाई और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण शिविर में बढ़चढ़कर भाग लें।
बैठक में पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, राजेंद्र सिंह देसुजोधा, हरविंद्र सिंह महामंत्री, विजयंत शर्मा, सतीश जग्गा चेयरमैन मार्केट कमेटी डबवाली व सतपाल शर्मा चेयरमैन मार्केट कमेटी कालांवाली सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व कर्मठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

