सिरसा 11 मई (आरएनएस)। श्री हनुमंत फाउंडेशन द्वारा नेहरू पार्क स्थित श्री हनुमंत चैरिटेबल अस्पताल में नेत्र जांच व आपरेशन का 281वां निशुल्क शिविर आयोजित किया गया। मुख्य परियोजना संयोजक सुमन मित्तल ने बताया कि जिला अंधता निवारण समिति के सहयोग से स्व. बलवंत राय कुक्कड़ की स्मृति में आयोजित शिविर का शुभारंभ उनकी पत्नी कृष्णा देवी, पुत्र विजय कुक्कड़ व परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा हनुमान की ज्योति प्रज्वलित करके किया गया। सुमन मित्तल ने सभी को फाउंडेशन द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न चिकित्सीय सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सभी ने अस्पताल द्वारा संचालित दंत चिकित्सा विभाग, रक्त जांच विभाग, दवा व अन्य विभागों का अवलोकन किया और फाउंडेशन द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि फाउंडेशन द्वारा पिछले 28 वर्षों से प्रतिदिन 125 से अधिक जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और हर माह नेत्र जांच व आपरेशन शिविर लगाना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मात्र 10 रुपये प्रतिदिन में दवा उपलब्धि का सेवा कार्य शायद ही कोई अन्य संस्था कर रही है। सभी ने हर माह नि:शुल्क कैम्प लगाने के लिए फाउंडेशन से जुड़े पदाधिकारियों को साधुवाद देते हुए अपनी तरफ से यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कैंप में नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. प्रवीण अरोड़ा व डा. महिप बंसल ने अपनी टीम व सहयोगियों के साथ 326 नेत्र रोगियों की निशुल्क जांच की। शिविर के दौरान मोतियाबिंद से पीडि़त 64 जरूरतमंद मरीजों का निशुल्क आपरेशन के लिए चयन किया गया। इसके अलावा 74 मरीजों की निशुल्क मधुमेह जांच के साथ सभी नेत्र रोगियों को दवाइयां दी गई। शिविर में शैंकी, आकाश, ललिता, चांदनी, सुनीता, चरणजीत, रामचंद्र कोथ, ओमप्रकाश, केवल कृष्ण, वेद प्रकाश मेहता, डीडी वर्मा, एमपी गर्ग, बाबू राम मित्तल, सुरेंद्र शर्मा, कृष्णा फौगाट, सुभाष वर्मा, भूप सिंह गहलोत, बाबू लाल फुटेला, सुमन मित्तल उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

