जिलाध्यक्ष रामधन चौटाला के नेतृत्व में जिला कमेटी ने दिया समर्थन
सिरसा 11 मई (आरएनएस)। बहुजन समाज पार्टी जिला सिरसा द्वारा प्रदेश हाईकमान के निर्देशानुसार पिछले 11 दिनों से राज्यव्यापी हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों के समर्थन में अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया गया। इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष रामधन चौटाला के नेतृत्व में जिला कमेटी ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से तुरंत समाधान निकालने की मांग की। जिलाध्यक्ष रामधन चौटाला ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी हमेशा मेहनतकश, शोषित, वंचित एवं कर्मचारी वर्ग की आवाज के साथ मजबूती से खड़ी रही है। सफाई कर्मचारी लगातार अपनी जायज मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार द्वारा अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मेहनत से ही शहरों और गांवों की सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से चलती है। ऐसे में सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सकारात्मक कदम उठाने चाहिए। बसपा ने मांग की कि कच्चे कर्मचारियों को तुरंत पक्का किया जाए तथा कर्मचारियों को उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए। रामधन चौटाला ने कहा कि कर्मचारियों की लगातार अनदेखी करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर शीघ्र समाधान निकालना चाहिए, ताकि प्रदेश में चल रही हड़ताल समाप्त हो सके और आमजन को राहत मिल सके। बहुजन समाज पार्टी ने स्पष्ट किया कि पार्टी कर्मचारी हितों, हक एवं सम्मान की लड़ाई में हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और भविष्य में भी संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर जिला सचिव बसपा रामभक्त, सिरसा विधानसभा प्रभारी नारायण दास, सिरसा विधानसभा अध्यक्ष रामकुमार बेगू, जिला महासचिव रामनिवास जोधकां, सुभाष सिंह, खुशीराम,लाभ सिंह, शेर सिंह चौटाला, पूर्ण सिंह, मोहनलाल, सुभाष, मोहनलाल लाल, चन्द्रपाल उपस्थित थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

