सिरसा 11 मई (आरएनएस)। मानसिक स्वास्थ्य विभाग, सिरसा से बलविंदर द्वारा सोमवार को सोशल वर्क विभाग, यूएसजीएस सीडीएलयू, सिरसा के सेमिनार हॉल में शैक्षणिक संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य, नशामुक्ति एवं आत्महत्या रोकथाम विषय पर एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में बी.एस.डब्ल्यू. प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, नशे के दुष्प्रभावों तथा आत्महत्या की रोकथाम के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बलविंदर ने सरल एवं प्रभावी तरीके से विषय को समझाते हुए विद्यार्थियों को सकारात्मक जीवन शैली अपनाने और मानसिक समस्याओं के समाधान हेतु सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विभाग के सभी प्राध्यापक भी उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग दिया। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता दिखाई तथा प्रश्नोत्तर सत्र में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समापन अवसर पर यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज के अधिष्ठाता प्रो. मोहम्मद काशिफ किदवई ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा उठाए गए इस अभिनव एवं सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सामाजिक जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन तथा नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच और सामाजिक भागीदारी ही एक स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

