मेरठ 11 मई (आरएनएस)। दुर्बल आय वर्ग के मकानों में सेटबैक के विरोध में शास्त्रीनगर सेक्टर दो और चार में चल रहा महिलाओं का धरना सोमवार को भी जारी रहा। दोनों धरनो में जहां महिलाओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। वहीं, सेक्टर दो की महिलाओं ने आने वाले समय में आरटीआई एक्टिविस्ट लोकेश खुराना का घेराव करने का ऐलान किया है।
बताते चलें कि सेक्टर चार चौराहे पर चल रहे महिलाओं के धरने का सोमवार को सातवां दिन, वहीं सेक्टर दो में तिरंगा रोड पर चल रहे महिलाओं के धरने को आज पांचवा दिन हो गया है। तेज गर्मी और धूप के बावजूद दोनों स्थानों पर सोमवार की सुबह से ही महिलाएं धरने पर बैठी रहीं। दोनों धरनों की शुरुआत महिलाओं ने हनुमान चालीसा के पाठ से की।
सेक्टर चार चौराहे पर धरना कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि सात दिन बाद भी आज तक किसी जनप्रतिनिधि ने उनकी सुध नहीं ली है। भीषण गर्मी में अपने बच्चों को छोड़कर घर को बचाने के लिए महिलाएं सड़क पर धरना देने को मजबूर हैं। उधर, सेक्टर दो तिरंगा रोड पर धरने पर बैठी महिलाओं ने आरोप लगाया कि आरटीआई एक्टिविस्ट लोकेश खुराना की वजह से उनके आशियाने उजडऩे की कगार पर हैं।
महिलाओं ने ऐलान किया कि या तो लोकेश खुराना खुद उनके बीच में आकर स्पष्ट करें कि आखिर वह छोटे घरों को क्यों टारगेट कर रहे हैं? अन्यथा महिलाएं खुद लोकेश खुराना के घर पर जाकर उनसे सवाल करेंगी। महिलाओं ने डॉ सोमेंद्र तोमर को स्वतंत्र प्रभार का मंत्री बनाए जाने पर उन्हें बधाई दी। साथ ही सवाल किया कि अब वह सेंट्रल मार्केट की समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाएंगे?
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

