दुर्ग, 11 मई (आरएनएस)। घर के अंदर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी वारदात में बदल गया, जब छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर धारदार रापा से हमला कर मौत के घाट उतार दिया दुर्ग पुलिस ने सनसनीखेज हत्या मामले में आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला माया नगर एचएससीएल कॉलोनी का है, जहां 10 मई 2026 को दो सगे भाइयों के बीच घरेलू विवाद अचानक हिंसक हो गया। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज यादव ने अपने बड़े भाई अशोक यादव पर घर में रखे धारदार लोहे के रापा से सिर और कनपटी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अशोक यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल जिला चिकित्सालय दुर्ग ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मामले में पहले थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था, लेकिन मौत के बाद हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़कर मामले को हत्या में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने घटना से जुड़ी जानकारी दी। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार लोहे का रापा भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू और पारिवारिक विवाद बताई गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू विवादों में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, क्योंकि गुस्से का एक पल पूरे परिवार की जिंदगी बर्बाद कर सकता है। बहरहाल, भिलाई की यह वारदात एक बार फिर बता रही है कि घर के अंदर पनप रहा विवाद कब खूनी अंजाम ले ले, इसका अंदाजा किसी को नहीं होता।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

