०प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की
रायपुर,12 मई (आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीकी हालिया अपीलों और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में पहले से ही महंगाई, ईंधन संकट और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से लोग परेशान हैं, ऐसे समय में उपयोग कम करने की सलाह देना जनता की कठिनाइयों को बढ़ाने जैसा है।दीपक बैज ने किसानों को उर्वरक कम उपयोग करने की सलाह पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कई राज्यों में खाद की उपलब्धता पहले से प्रभावित है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में जरूरत के मुकाबले पर्याप्त उर्वरक सोसायटियों तक नहीं पहुंच पाया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ी है।उन्होंने वर्क फ्रॉम होम संबंधी सलाह पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि फील्ड में काम करने वाले, छोटे व्यापारियों, फेरीवालों और दैनिक रोजगार से जुड़े लोगों के लिए यह व्यवहारिक नहीं है। वहीं रसोई गैस और खाद्य तेल के उपयोग को कम करने की अपील को कांग्रेस ने महंगाई से जोड़ते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधा।पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस ने वर्ष 2013 और 2026 के बीच आवश्यक वस्तुओं के दामों की तुलना प्रस्तुत की। पार्टी का दावा है कि आटा, चावल, दाल, खाद्य तेल, रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल सहित कई वस्तुओं की कीमतों में पिछले वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।दीपक बैज ने पेट्रोल-डीजल और गैस संकट को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऊर्जा भंडारण और आपूर्ति प्रबंधन के मामले में सरकार पर्याप्त तैयारी नहीं कर पाई, जिसके कारण कई राज्यों में ईंधन संकट की स्थिति बनी।कांग्रेस ने यह भी कहा कि यदि ऊर्जा बचत की अपील की जा रही है, तो इसका पालन पहले जनप्रतिनिधियों और सरकारी तंत्र को करना चाहिए।पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। फिलहाल भाजपा की ओर से इस बयान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

