प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के विरोध में अनोखा प्रदर्शन
प्रयागराज 12 मई (आरएनएस)। बढ़ती महंगाई और पेट्रोल बचाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के विरोध में प्रगतिशील समाज पार्टी ने अनोखा प्रदर्शन किया। सुभाष चौराहा पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘बाइक घसीटो-पेट्रोल बचाओ यात्राÓ निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपनी मोटरसाइकिलों को बिना स्टार्ट किए हाथ से घसीटते हुए पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रगतिशील समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुशवाहा ने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार को किसी संकट की चिंता नहीं थी, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनता को पेट्रोल बचाने और त्याग करने की सलाह दी जाने लगी। उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल, डीजल, गैस और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार अपने प्रचार और चुनावी खर्चों में कोई कटौती नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि देश वास्तव में संकट से गुजर रहा है तो त्याग की शुरुआत सत्ता और सरकारी तंत्र से होनी चाहिए, सिर्फ आम जनता से नहीं।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजीत पटेल ने कहा कि जनता अब सरकार की कथनी और करनी का फर्क समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव समर बहादुर शर्मा, युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव एडवोकेट निष्ठा देव, इंजीनियर योगेश कुशवाहा, मंडल प्रभारी नवीन विद्यार्थी, एडवोकेट अम्बुज मौर्य, एडवोकेट अंकित सिंह, जिला सचिव राजकुमार, श्रीराम प्रजापति, अर्चना कुशवाहा, गीता यादव, निशा वर्मा, आरती पाल, फरीदा खातून, सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

