भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा
प्रयागराज 12 मई (आरएनएस)। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) ने मंगलवार को गऊघाट क्षेत्र में गरीबों की बस्ती उजाड़े जाने के विरोध में नगर निगम में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि बिना उचित पुनर्वास और रोजगार व्यवस्था के गरीबों को सड़क किनारे से न हटाया जाए।
भाकपा माले के जिला प्रभारी सुनील मौर्य ने बताया कि गऊघाट क्षेत्र में वर्षों से रह रहे गरीब परिवारों को पहले रेलवे द्वारा विस्थापित किया गया था। अब नगर निगम द्वारा भी उन्हें सड़क की पटरी से हटाने की चेतावनी दी जा रही है, जिससे उनके बेघर होने और आजीविका का संकट गहराने की आशंका है।
प्रदर्शन के दौरान, अपर नगर आयुक्त ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि फिलहाल मानवीय आधार पर लोगों को नहीं हटाया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए स्थायी व्यवस्था होना आवश्यक है। इसके जवाब में, प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जब तक प्रभावित परिवारों के लिए उचित आवास और रोजगार की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक कोई कार्रवाई न की जाए।
भाकपा माले नेताओं ने जानकारी दी कि गऊघाट क्षेत्र में लगभग सौ वर्षों से दलित और गरीब परिवार निवास कर रहे हैं। इन परिवारों में नगर निगम के सफाई कर्मचारी, कचरा बीनने वाले मजदूर और दिहाड़ी मजदूर शामिल हैं। उनके पास आधार कार्ड, राशन कार्ड और वोटर आईडी जैसे सरकारी दस्तावेज भी हैं।
प्रदर्शन में कॉमरेड राधा, सोनू वंशकार, राखी, गुड्डी, राजू, रेखा, साधना, उमा, संगीता, शिल्पा, मंजू, अंजना, उर्मिला, कलावती, रवि, हीरा सहित दर्जनों स्थानीय लोग शामिल थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

