जुलाई माह में होगा विद्यालयों में यूथ पार्लियामेंट का कार्यक्रम
सिरसा 13 मई (आरएनएस)। राजकीय विद्यालयो में विद्यार्थियों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली और संसदीय परंपराओं से अवगत कराने के उद्देश्य से राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम के तत्वावधान में डिंग डाइट द्वारा शिक्षकों के लिए एक दिवसीय ‘युवा संसद प्रतियोगिताÓ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खैरपुर सिरसा में आयोजित किया गया। इस कार्यशाला में जिले के 35 विद्यालयों के लगभग 70 शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान मुख्य प्रशिक्षक प्रवक्ता हेमराज व प्रवक्ता सुरेश शर्मा ने शिक्षकों को बताया कि युवा संसद केवल एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह छात्रों में नेतृत्व क्षमता, तर्कशक्ति और अभिव्यक्ति की कला विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से संसदीय शब्दावली, प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव शपथ ग्रहण एवं अनुशासन सदन की मर्यादा और सांसदों के शपथ ग्रहण की मानक प्रक्रिया, किसी बिल को पेश करने से लेकर उस पर चर्चा और मतदान की पूरी प्रक्रिया के जीवंत चित्रण के बारे में अवगत करवाया गया। इस अवसर पर डिंग डाइट के डी आर यू विंग के प्रभारी प्रवक्ता डॉ. अनिल चावला व सदस्य प्रवक्ता अनिल बिश्नोई ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रतियोगिता में 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी भाग लेते हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता बनती है, वहीं विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रणाली की जानकारी हासिल होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही वह कड़ी है, जो छात्रों को जागरूक नागरिक बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के बाद अब विद्यालय स्तर पर इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

