सिरसा 13 मई (आरएनएस)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मम्मड़ खेड़ा ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस सत्र में विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कक्षा में पंजीकृत सभी 17 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की है। विद्यालय की इस उपलब्धि में छह विद्यार्थियों ने विशेष स्थान बनाया है। पंकज ने 500 में से 468 अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। कविता ने 457 अंकों के साथ द्वितीय तथा सुमित ने 446 अंकों के साथ तृतीय स्थान अर्जित किया। इनके अतिरिक्त पूजा ने 433, पिंकी ने 413 एवं स्नेहा ने 411 अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज कराया। विद्यालय के प्राचार्य नीरज पाहुजा ने इस अवसर पर कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों के सतत परिश्रम, अध्यापकगण के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस उपलब्धि से समस्त विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों में हर्ष का माहौल है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

