सिरसा 13 मई (आरएनएस)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में सेठ सागर मल सुराणा जैन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। कॉमर्स संकाय की छात्रा सिमरन ने 500 में से 490 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। युक्ति ने 481 अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा नेहा ने 478 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। आट्र्स संकाय में पायल ने 500 में से 474 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। पलक ने 448 अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा पूर्वा ने 438 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय की कुल 55 छात्राओं में से 23 छात्राओं ने बोर्ड मेरिट में स्थान प्राप्त किया, जिनमें से 07 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर उत्कृष्ट उपलब्धि दर्ज की। कॉमर्स संकाय के अकाउंट्स, बिजनेस स्टडीज एवं इकोनॉमिक्स विषय में छात्राओं ने 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। सभी छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। विद्यालय की प्रधानाचार्या रेणु बाला ने इस शानदार परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्राओं की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग एवं अध्यापकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। सेठ सागरमल सुराणा जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष मक्खनलाल गोयल, प्रबंधक हनुमान मल गुजरानी, ट्रस्टी राजेन्द्र गोलछा एवं ट्रस्टी देवेंद्र डागा ने सभी छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बोर्ड परीक्षा परिणाम की हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

