सिरसा 13 मई (आरएनएस)। भाजपा सिरसा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने हरियाणा में संपन्न नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय पर प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के तीनों नगर निगम अंबाला, पंचकूला और सोनीपत के साथ-साथ रेवाड़ी नगर परिषद तथा धारूहेड़ा और सांपला नगर पालिका में भाजपा की शानदार जीत इस बात का स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश की जनता अब विकास, सुशासन और सकारात्मक राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सांपला, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है, वहां भी भाजपा की जीत जनता के बदलते विश्वास और भाजपा की जनहितकारी नीतियों की स्वीकार्यता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों, पारदर्शी प्रशासन और विकासोन्मुखी नीतियों पर जनता की मजबूत मुहर है। साथ ही यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प तथा उनके दूरदर्शी नेतृत्व में जनता की अटूट आस्था का भी प्रतीक है। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कहा कि आज हरियाणा विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। नगर निकाय चुनावों में मिली यह ऐतिहासिक जीत इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी की नीतियों, कार्यशैली और विकासवादी सोच से पूरी तरह संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब ट्रिपल इंजन सरकार बनने से विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। शहरों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा तथा नगर निकायों के माध्यम से स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं को और अधिक मजबूत किया जाएगा। भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास की गति को लगातार आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। जिला अध्यक्ष ने इस अवसर पर पार्टी के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों को जीत की बधाई देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और जनता के बीच निरंतर सक्रियता के कारण ही यह विजय संभव हो पाई है। उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं का हृदय से धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर जो विश्वास जताया है, पार्टी उस विश्वास पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का कार्य करेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

