जिलाध्यक्ष जस्सा बोले, जनहित में कर्मियों की जायज मांगें माने सरकार
सिरसा 13 मई (आरएनएस)। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के निर्देशानुसार बुधवार को इनेलो की जिला कार्यकारिणी ने पार्टी जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा के नेतृत्व में अपनी मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे सफाई कर्मियों को धरनास्थल पर पार्टी का समर्थन दिया। इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि पार्टी पूरी तरह से सफाई कर्मियों की जायज मांगों के समर्थन में है और इनकी मांगों के प्रति भाजपा का उदासीन रवैया निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सफाई कर्मियों की जायज मांगें माननी चाहिए ताकि जनहित में पिछले कई दिनों से पूरे प्रदेश में चली आ रही सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त हो सके और लोगों को गंदगी से मुक्ति मिल सके। इनेलो जिलाध्यक्ष जस्सा ने कहा कि इनेलो सफाई कर्मियों की मांगों के समर्थन में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर सडक़ पर भी संघर्ष करने को तैयार है। सफाई कर्मियों ने भी इनेलो द्वारा उन्हें समर्थन दिए जाने पर पूरी पार्टी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर युवा इनेलो के जिलाध्यक्ष भगवान सिंह कोटली, गुरविंद्र सिंह गिल, सुरेश दड़बा, प्रदीप मेहता एडवोकेट, पार्टी प्रवक्ता महावीर शर्मा, मुख्तयार सिंह, सत्यनारायण कुलडिय़ा, ओम ग्रोवर, कृष्ण गोदारा आदि पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

