सिरसा 13 मई (आरएनएस)। प्रदेश युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहित शर्मा ने कहा कि उकलाना नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार रीमा सोनी की ऐतिहासिक जीत जनता की जीत है। अपनी प्रतिक्रिया में मोहित ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा के मंत्री और बड़े नेता पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरे हुए थे, लेकिन उकलाना की जागरूक जनता ने भाजपा के अहंकार और घमंड को पूरी तरह चूर-चूर कर दिया। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता ने विकास, भाईचारे और ईमानदार राजनीति के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि उकलाना के हर नागरिक की जीत है, जिन्होंने सत्ता के दबाव और सरकारी तंत्र के बावजूद लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया। मोहित शर्मा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव को प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया था और पूरी सरकारी मशीनरी चुनाव में झोंक दी गई थी, लेकिन जनता ने अपने मत की ताकत से जवाब दे दिया।उन्होंने कहा कि रीमा सोनी को 36 बिरादरी का भरपूर समर्थन मिला और लोगों ने यह साबित कर दिया कि जनता अब झूठे वादों और अहंकारी राजनीति से परेशान हो चुकी है। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि उकलाना की जनता ने साफ संदेश दिया है कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है, न कि सत्ता के दबाव का।मोहित शर्मा ने कहा कि लोगों ने यह साबित कर दिया कि जनता के आशीर्वाद से बड़ा कोई तंत्र नहीं होता। यह जीत प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश देने वाली साबित होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

