-लोहे की सरिया में उतरा करंट, चीख सुनकर दौड़े साथी छह बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
मिल्कीपुर-अयोध्या 13 मई (आरएनएस)। कुमारगंज थाना क्षेत्र में मेहनत मजदूरी के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, जोरियम गांव निवासी 45 वर्षीय संजय अग्रहरी पुत्र स्वर्गीय जयराम मंगलवार शाम गांव के ही ओरौनी लोनिया के यहां निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने गए थे। वहां पिलर खड़ा करने का काम चल रहा था। मकान के पास से विद्युत तार गुजर रहा था। काम के दौरान लोहे की सरिया में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में संजय आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक संजय के चीखने की आवाज सुनकर अन्य मजदूर मौके की ओर दौड़े और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह अचेत होकर गिर चुके थे। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कुमारगंज पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस का कहना है कि बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्राम प्रधान जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि संजय सुबह काम पर जाने के इच्छुक नहीं थे, लेकिन उन्हें बुलाकर काम पर ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि संजय के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उनके पास केवल पांच बिस्वा जमीन है और वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। मृतक अपने पीछे पत्नी और छह बेटियों को छोड़ गए हैं। इनमें दो बेटियां विवाह योग्य हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

