-निजी कंपनी में काम के दौरान कट गयी थी हाथ की उंगलियां, नहीं हो पा रहा था इलाज
अयोध्या 13 मई (आरएनएस)। रुदौली विधानसभा मवई ब्लॉक के नौगांवा गांव के निवासी अरविंद रावत दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। कार्य के दौरान दुर्भाग्यवश उनके एक हाथ की सभी उंगलियां कट गईं। इसके बाद कंपनी मालिक ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया और मुआवजे देने से साफ इनकार कर दिया। कंपनी मालिक ने कहा कि “आपकी गलती से हाथ कटा है, कोई मुआवजा नहीं मिलेगा।” गरीब मजदूर अरविंद रावत इलाज कराने के बाद गांव लौट आए और दो माह पूर्व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दयानंद शुक्ला को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। दयानंद शुक्ला ने न्याय दिलाने का भरोसा दिया। श्री शुक्ला ने कंपनी मालिक पर लगातार दबाव बनाया और अपने संबंधों का उपयोग करते हुए पूर्व मंत्री नरेश चौधरी के माध्यम से दिल्ली में कंपनी मालिक से पीडि़त अरविंद रावत को इलाज के लिए 2.22 लाख तथा मुआवजे के रूप में 2.10 लाख रूपये का चेक दिलवाया गया। कांग्रेस नेता दयानंद शुक्ला ने मजदूर अरविंद रावत को पूर्ण न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया है। अरविंद रावत के परिवार ने दयानंद शुक्ला के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की है। पूरे क्षेत्र में तथा विशेषकर पासी समाज में इस न्यायपूर्ण पहल को लेकर खुशी और सराहना का माहौल है। न्याय के लिए संघर्ष करने वाले गरीब मजदूर को न्याय मिलना इस बात का प्रमाण है कि सही प्रयास से असहायों की आवाज सुनी जा सकती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

