-99 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया, विद्यालय में खुशी का माहौल
अयोध्या 13 मई (आरएनएस)। सीबीएसई कक्षा 12वीं के घोषित परीक्षा परिणाम में अवध इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा आयुषी ठाकुर ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में दूसरा स्थान हासिल किया है। आयुषी की इस सफलता से विद्यालय सहित परिवार में खुशी का माहौल है। उनके माता शैलजा-पिता जय हिंद पेशे से शिक्षक हैं और आयुषी भी भविष्य में शिक्षक बनकर शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने और उन्हें मुख्यधारा से जोडऩे के लिए कार्य करना चाहती हैं।
विद्यालय की टॉपर आयुषी ठाकुर ने संगीत और पॉलिटिकल साइंस विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की है। इसके अलावा विद्यालय की छात्रा श्रेया सिंह ने जीव विज्ञान, आकांक्षा मौर्य ने पॉलिटिकल साइंस, वरदान गुप्ता ने इतिहास तथा मोहम्मद फरहान अहमद एवं शगुन सिंह ने संगीत विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। विद्यालय से इस वर्ष 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या 11 रही। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। विद्यालय के संरक्षक अतुल सिंह, अध्यक्ष शांतनु सिंह, संरक्षक कविता सिंह तथा प्रधानाचार्य विष्णु ने मेधावी छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के संरक्षक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन को प्राथमिकता देता है। विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि विद्यालय लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। वहीं निदेशक कविता सिंह ने कहा कि बच्चों की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की मेहनत, अभिभावकों का सहयोग और शिक्षकों के समर्पण से ही ऐसे परिणाम संभव हो पाते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

