8 मई को आगजनी के घटना के बाद से बंद था कार्य, सहयोग के लिए जताया आभार
सिरसा 14 मई (आरएनएस)। सेठ सागरमल सुराणा चेरिटेबल ट्रस्ट के अंतर्गत चलने वाले विद्यालय सेठ सागरमल सुराणा जैन गल्र्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल, सिरसा के विद्यालय परिसर स्थित क्लेरिकल कार्यालय में 8 मई को अचानक आगजनी की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई। इसकी जानकारी विद्यालय के प्रधान मक्खन लाल गोयल ने दी। इस दुर्घटना में विद्यालय के सभी प्रकार का लेखाजोखा व कर्मचारियों, विद्यार्थियों से सम्बंधित दस्तावेज, रिकॉर्ड एवं कार्यालय संबंधी सामग्री क्षतिग्रस्त हुई। अग्निशमन के कर्मचारियों व पुलिस प्रशासन की जागरूकता से अग्नि पर काबू पाया गया। उनके सहयोग से एक बड़े हादसे को टाला गया। विद्यालय की प्रबंधन समिति इनका आभार व्यक्त करती है। घटना की सूचना प्राप्त होते ही विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा तत्परता एवं जिम्मेदारी का परिचय देते हुए संबंधित प्रशासनिक एवं शैक्षणिक विभागों को तुरंत अवगत कराया गया। इस संबंध में पंचकूला शिक्षा विभाग, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला माध्यमिक शिक्षा अधिकारी, बी.ई.ओ., हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, उपायुक्त कार्यालय एवं अन्य संबंधित विभागों को विधिवत सूचना प्रदान की गई। विद्यालय प्राचार्या रेणुबाला ने बताया कि विभिन्न विभागों से सम्पर्क करके जो भी दस्तावेज नष्ट हुए हैं, उनको पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय प्रशासन, प्रबंधन समिति एवं समस्त स्टाफ सदस्यों के संयुक्त प्रयासों से आवश्यक व्यवस्थाओं को पुन: व्यवस्थित किया गया तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 11 मई 2026 से विद्यालय का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य पुन: सुचारू रूप से प्रारंभ कर दिया गया। विद्यालय संचालन एवं विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होने दी गई। विद्यालय प्रबंधन समिति अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं समाज के सभी सम्मानित नागरिकों को आश्वस्त करती है कि विद्यालय से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या, दस्तावेज संबंधी आवश्यकता अथवा प्रशासनिक सहायता के लिए विद्यालय सदैव तत्पर रहेगा तथा प्रत्येक समस्या का समाधान पूर्ण जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। विद्यालय परिवार इस कठिन समय में सहयोग प्रदान करने वाले सभी विभागों, अभिभावकों, स्टाफ सदस्यों एवं शुभचिंतकों के प्रति हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

