सिरसा 14 मई (आरएनएस)। आगामी 17 मई को भगवान श्री परशुराम धर्मशाला में आयोजित किए जा रहे राष्ट:ीय ब्राह्मण मिलन एवं सम्मान समारोह से श्री ब्राह्मण सभा रजि. सिरसा का नहीं कोई सरोकार नहीं है। कुछेक तथाकथित लोग सभा का नाम इस्तेमाल कर समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं, जोकि बर्दाश्त योग्य नहीं है। समाज इन लोगों की मंशाओं को कभी पूरी नहीं होने देगा। उक्त आरोप श्री ब्राह्मण सभा रजि. सिरसा के जिला प्रधान अर्जुन शर्मा ने बुधवार की सायं को मीडिया से मुखातिब होते हुए लगाए। उन्होंने कहा कि जिस ब्राह्मण आर्मी की बात की जा रही उसकी कार्यकारिणी 2023 से भंग है और जिस श्री ब्राह्मण सभा रजि. सिरसा का प्रधान बताकर लोगों के सामने पेश किया जा रहा है, असल में उस सभा का कानूनी तौर पर प्रधान अर्जुन शर्मा हैं। जिसका रिकॉर्ड सरकार के पोर्टल पर साफ तौर पर देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए कार्यक्रम कोई भी करे, उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सभा का नाम गलत तरीके से इस्तेमाल कर अपना उल्लू सीधा करने का जो काम कुछ तथाकथित लोग कर रहे हैं, वो समाज के लिए अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंधी उन्होंने प्रशासन व सरकार को भी लिखित रूप में अवगत करवा दिया है, ताकि सभा के नाम पर गलत कार्य न हो। इस मौके पर आरके भारद्वाज ने कहा कि ब्राह्मण समाज लोगों को शिक्षित व ज्ञान देने वाला है, लेकिन जब उसी समाज में इस प्रकार की बातें शुरू हो जाए तो वो समाज के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने कहा कि वे समाज के लोगों को लगातार संपर्क कर जागरूक कर रहे हैं कि इन लोगों की बातों में न आकर अपने विवेक से काम लें। इस मौके पर सुरेंद्र पारीक ने कहा कि प्रो. दयानंद शर्मा द्वारा सिरसा ब्राह्मण आर्मी का कार्यालय भगवान श्री परशुराम धर्मशाला में खुलवाया गया है, जोकि श्री ब्राह्मण सभा रजि. 135 की संपत्ति का हनन है। सभा समस्त समाज की संपत्ति है, जिसके कानूनी तौर पर प्रधान अर्जुन शर्मा हैं। कुछ लोग स्वयंभू प्रधान मानकर सभा का नाम खराब कर रहे हैं, लेकिन समाज ऐसे लोगों को सबक सिखाने का काम करेगा। इस मौके पर रामानंद शास्त्री ने कहा कि ब्राह्मण समाज जागरूक समाज है। अपना मतलब साधने के लिए कुछ लोग समाज को जोडऩे की बजाय तोडऩे का काम कर रहे हैं, जोकि उचित नहीं है। उन्होंने संपूर्ण समाज से आह्वान किया कि वो आगे आकर इस प्रकार के लोगों का विरोध करे, ताकि समाज को संगठित रखा जा सके। इस मौके पर सतीश कुमार निर्मल, यशपाल भारद्वाज, जयप्रकाश शर्मा, देवतराम शर्मा, संजय शर्मा, हरीश शर्मा, ललित मोहन शर्मा, श्रवण शर्मा, प्रभुदयाल शर्मा उपस्थित थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

