हरिद्वार,14 मई (आरएनएस)। उत्तरी हरिद्वार के खडख़ड़ी क्षेत्र में गुरुवार को अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। भीषण गर्मी के बीच करीब चार घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रहने से हजारों लोग उमस और परेशानियों से जूझते रहे। बिना पूर्व सूचना हुई कटौती से लोगों के जरूरी कामकाज प्रभावित हुए, वहीं पानी की सप्लाई भी बाधित रहने से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने उपसंस्थान पंतद्वीप क्षेत्र में एबीसी केबल बदलने का कार्य किया। मरम्मत कार्य के चलते सुबह करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि कटौती की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई, जिसके कारण अचानक बिजली गुल होने से घरेलू और व्यावसायिक गतिविधियां ठप पड़ गईं। चार घंटे बाद दोपहर दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान खडख़ड़ी, गंगाधर महादेव नगर, सुखी नदी क्षेत्र, रेलवे फाटक कॉलोनी, भीमगोड़ा और पंतद्वीप सहित आसपास के इलाकों की करीब 10 हजार आबादी प्रभावित रही। बिजली न होने से लोगों को पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था भी स्वयं करनी पड़ी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

