भोपाल 14 मई (आरएनएस)। नर्मदापुरम रोड पर सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार युवक ने ही उन्हें अस्पताल पहुंचाया था।
पुलिस के मुताबिक 68 वर्षीय मूलचंद चिढ़ार गुना जिले के एक गांव के रहने वाले थे। वे अपनी पत्नी का इलाज कराने भोपाल आए थे और सागर मल्टी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। मंगलवार सुबह वे कुछ सामान खरीदने के लिए अस्पताल से बाहर निकले थे।
बताया गया कि सड़क पार करते समय मंडीदीप की ओर से तेज रफ्तार कार और बाइक आ रही थी। बुजुर्ग को सामने देखकर कार चालक ने वाहन रोक लिया, लेकिन बाइक सवार नियंत्रण नहीं रख पाया और मूलचंद को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद बाइक चालक मौके पर रुका और घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गुना लेकर रवाना हो गए।

