भोपाल 14 मई (आरएनएस)।छोला मंदिर इलाके में बुधवार रात बच्चों के पार्क में खेलने को लेकर बवाल हो गया। विवाद में आधा दर्जन लोगों ने मिलकर अपने ही पड़ोसी के घर में घुसकर तोडफ़ोड़ कर जमकर उत्पात मचाया। हमले में महिलाएं भी शामिल थीं। झगड़े में तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 41 वर्षीय संजू महंत पारस धाम कॉलोनी में रहते हैं। बुधवार रात कॉलोनी में पार्क में संजू और नीरज के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे गुस्साए नीरज अपने परिवार की पूजा, रणवीर, भावना, रंजीत कौर व अन्य लोगों के साथ मिलकर संजू के घर पर पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर घर में तोडफ़ोड़ कर दी।
इस हमले में संजू समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना की खबर लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज कराया। साथ ही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। हालांकि पुलिस ने अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है। पुलिस का कहना है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

